धर्मनगरी में अगले 10 दिनों तक गणपति उत्सव की धूम रहेगी। बुधवार से ही बप्पा घरों से लेकर पंडालों में भी विराजमान हो जाएंगे, जिसके लिए पंडाल सजा दिए गए हैं। शहर में मेन बाजार, गोशाला बाजार व छोटा बाजार में अलग-अलग संस्थाओं द्वारा उत्सव मनाया जाएगा, जिसके लिए तैयारियां की जा रही हैं। दुकानों पर भी बप्पा को बेहद आकर्षक ढंग से सजाया ग
या। बुधवार को गणेश चतुर्थी से शुरू हो रहे गणपति बप्पा के स्वागत के लिए भक्तों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। एक तरफ जहां बप्पा के प्रिय लड्डूओं के प्रसाद के लिए हलवाइयों की बुकिंग में तेजी आ रही वहीं भजन मंडलियां भी गणपति के गुणगान के लिए जोर शोर से जुटी हुई हैं। सुंदर व मनमोहक झांकियों के लिए कलाकार भी पूरी तरह तैयार हैं। कटरान गली के न्यू फ्रैंड्स क्लब के कोषाध्यक्ष अंशुल गौड़ ने बताया कि 10 दिवसीय गणपति महोत्सव को लेकर बप्पा के भक्त काफी उत्साहित दिखाई दे रहे हैं। गोशाला बाजार के रिद्धि -सिद्धी विनायक मंडल के सुधीर चुघ ने बताया कि गणेश चतुर्थी के दिन प्रात: गणपति की मूर्ति गाजे बाजे के साथ स्थापित की जाएगी और भक्तों के लिए भंडारा भी आयोजित किया जाएगा।
गणेश मित्र मंडल के मनोज कुमार बॉबी ने जानकारी देते हुए कहा कि प्रतिदिन भजन कीर्तन और सुंदर झांकियाें की व्यवस्था की गई है। गणेश उत्सव कमेटी के प्रधान तिलकराज सहगल व संरक्षक मनोज गोयल ने कहा कि प्रतिदिन सुबह शाम आरती व गणपति महिमा मंडन के साथ अंतिम दिन धूमधाम से शहर के मुख्य बाजारों व मार्गों से होते हुए बप्पा को विसर्जन के लिए ले जाया जाएगा।
भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को भगवान श्री गणेश का प्राकट्य हुआ था अखिल भारतीय श्री मार्कंडेश्वर जनसेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत जगन्नाथ पुरी के अनुसार भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को भगवान श्री गणेश का प्राकट्य हुआ था। इसलिए भगवान गणेश का अवतरण दिवस गणेश चतुर्थी के रुप में मनाया जाता है। इस दिन भगवान श्री गणेश की मिट्टी की मूर्ति को स्थापित करते हैं। उन्होंने बताया कि सृष्टि में प्रथम पूज्य और बुद्धि के देवता श्री गणेश जी की पूजा का 10 दिवसीय प्रमुख त्यौहार साल में एक बार आता है, जो गणेश चतुर्थी से शुरू होता है। इस दिन गणेश भक्त ढोल नगाड़ों के साथ गणपति बप्पा को अपने घर तथा पंडालों में लेकर आते हैं, जिसके चलते पूरा वातावरण गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गूंज उठता है। इस बार श्री गणेश चतुर्थी 31 अगस्त को मनाई जाएगी।
महंत जगन्नाथ पुरी के मुताबिक गणेश चतुर्थी बुधवार 31 अगस्त को है। वहीं इस दिन पूजा का शुभ मुहूर्त प्रात: 11:05 से शुरू होकर 1:38 दोपहर तक रहेगा। पूजा के शुभ मुहूर्त का कुल समय 2 घंटे 33 मिनट का है।