कुरुक्षेत्र। जिले में अब तक किसानों को 34,880 एकड़ भूमि के लिए धान की दो किस्मों का बीज वितरित किया जा चुका है। 7301 व 7501 किस्म के बीज वितरित किए गए हैं। कोई भी बीज विक्रेता जिले से बाहर के व्यक्ति को बीजों की बिक्री नहीं करेगा, जिसको लेकर जिला उपायुक्त की ओर से आदेश जारी किए गए हैं। कृषि विभाग के उपनिदेशक डाॅ. सुरेंद्र मलिक ने कहा कि जिले में निर्धारित दरों से ज्यादा दाम पर बीजों की बिक्री न होने को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के तहत 30 अप्रैल तक कृषि विभाग के अधिकारियों ने पिहोवा, थानेसर, लाडवा, शाहाबाद आदि उपमंडलों में 62 बीजों के नमूने लिए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए लैब में भेजा गया है। इनकी रिपोर्ट लगभग एक माह के बाद आएगी। इस अभियान में एसडीओ जितेंद्र मेहता, गुण नियंत्रक शशीपाल शर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों को चैक किया है। इस चेकिंग के दौरान एक दुकान का लाइसेंस भी रद्द किया गया है। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग की तरफ से बीज विक्रेताओं पर पैनी निगाहें रखी जा रही है, जिसके फलस्वरूप इस जिले में 7301 किस्म के बीज 29,280 एकड़ और 5600 एकड़ के लिए 7501 किस्म के बीज वितरित किए जा चुके हैं। इस जिले में अब तक दोनों किस्म के 34,880 एकड़ के बीज वितरित किए जा चुके हैं।
इस जिले में 7301 किस्म के बीज 62 हजार एकड़ तथा एक लाख एकड़ में 7501 किस्म के बीजों की खेती की जाएगी। जिले में कुल दो लाख 50 हजार एकड़ में फसल की बिजाई की जाती है, जिसमें एक लाख 62 हजार एकड़ में धान की रोपाई की जाती है।