पिहोवा। निवर्तमान सरपंच एवं मार्केटिंग सोसायटी चेयरमैन पर बाइक सवार बदमाशों ने हमला कर दिया। चेयरमैन का कहना है कि बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से हमला किया और उसने जान बचाने के लिए हवाई फायर किए तो बदमाश वहां से फरार गए। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
गांव चुनिया फार्म के निवर्तमान सरपंच मनजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि शाम के समय उसने गांव में पंचायत घर के सामने अपनी गाड़ी खड़ी की थी। रात करीब 8:15 बजे जब वह काम खत्म करके गाड़ी के पास आया तो गाड़ी पर लगी भाजपा के झंडे को किसी ने तोड़ने की नीयत से घुमाया हुआ था। इसके बाद वह शहर में अपने घर के लिए निकल गया।
कुरुक्षेत्र रोड पर अनाज मंडी के पास दो नकाबपोश बाइक सवार युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया और गाड़ी के अगले शीशे पर डंडे से कई वार किए, जिससे शीशा टूट गया। नकाबपोशों ने गाड़ी की खिड़की खोलने का प्रयास किया तो उसने अपनी जान का खतरा भांप कर हवाई फायर कर दिए। इसके बाद बाइक सवार कुरुक्षेत्र रोड की तरफ भाग निकले। करीब दो साल पहले भी उस पर हमला हो चुका है। उस समय भी उन्होंने फायरिंग करके अपनी जान बचाई थी।