कॉलेज में एमएससी मैथ का पेपर आउट ऑफ सिलेबस थमा दिया गया, जिससे छात्र भड़क उठे और वीरवार को वे कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय पहुंचे। जहां छात्र संगठन के साथ मिलकर ये छात्र सड़कों पर उतरे तो कुलपति के नाम ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें उन्होंने दोबारा परीक्षा लिए जाने की मांग की। मांग न मानने पर अनिश्चितकालीन धरने की भी चेतावनी दी।
छात्र युवा संघर्ष समिति के अध्यक्ष भारत बराड़ ने बताया कि केयू और कॉलेज की ओर से की गई लापरवाही का अंजाम विद्यार्थियों के भविष्य पर भारी पड़ रहा है। केयू की ओर से कॉलेजों को एमएससी मैथ का गलत कोड का पेपर दे दिया गया। एक जून को हुई इस परीक्षा में यह पेपर आउट ऑफ सिलेबस था, जिसके बाद केयू की ओर से दोबारा नए कोड से पेपर भेजा गया, लेकिन ई-मेल पर भेजा यह पेपर देखा ही नहीं। ऐसे में छात्रों को बीच में ही खाली हाथ बिना परीक्षा दिए वापस लौटना पड़ा।
उन्होंने बताया कि यह घटना सिर्फ एक कॉलेज की नहीं, बल्कि कई कॉलेजों में ऐसा हुआ। अगर एक सप्ताह तक केयू की ओर से परीक्षा लेने के लिए नोटिस जारी नहीं किया जाता तो, छात्र युवा संघर्ष समिति के छात्र कुलपति कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरने और भूख हड़ताल पर बैठेंगे, जिसका जिम्मेवारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी। इस मौके पर मनदीप सिंह, उपकार राणा, रजत सैनी, रिमन बिडलान सहित अन्य मौजूद रहे।