कुरुक्षेत्र/पिहोवा। भाजपा द्वारा प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद विरोध थम नहीं रहा है। जहां थानेसर विधानसभा क्षेत्र में टिकट न मिलने से नाराज पार्टी के वरिष्ठ नेता कृष्ण बजाज ने चुनाव लड़ने के लिए चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है तो वहीं पिहोवा में घोषित किए गए प्रत्याशी के विरोध कार्यकर्ताओं ने पार्टी हाइकमान को अल्टीमेटम दिया है।
पिहोवा में स्थानीय भाजपा इकाइयों व विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा किए रोष प्रदर्शन से भाजपा हाईकमान में खलबली मची रही। रोष प्रदर्शन की सूचना मिलते ही भाजपा जिला स्तरीय नेताओं व संघ के लोगों ने भाजपा कार्यकर्ताओं से संपर्क किया और उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी बात ऊपर तक पहुंचाकर समस्या का समाधान किया जाएगा। वहीं इस मुद्दे को लेकर शुक्रवार को वरिष्ठ भाजपा नेता व पूर्व पार्षद रामधारी शर्मा की अध्यक्षता में रामलीला मैदान में पुनः बैठक हुई, जिसमें भाजपा के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने भाग लेकर प्रत्याशी को बदलने की मांग की। यहां तक कि सभी पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से अपने इस्तीफे एकत्रित कर हाईकमान को सौंपने की बात कही।
भाजपा नेता गुरनाम मलिक ने बताया कि बाहरी उम्मीदवार को स्वीकार नहीं किया जाएगा। क्योंकि स्थानीय नेताओं की पूर्णतया अनदेखी की गई है। अगर उम्मीदवार नहीं बदला गया तो वे सभी भाजपा के विरुद्ध मतदान करेंगे। उन्होंने कहा कि वे 2014 से बाहरी उम्मीदवार को सहते हुए आ रहे हैं। गुरनाम मलिक ने बताया कि ज़िलाध्यक्ष व संघ के पदाधिकारियों ने उनकी मांग को हाईकमान तक पहुंचाने की बात कही है और सात सितंबर तक का समय मांगा है। इस मौक़े पर गुरनाम मलिक, नपा प्रधान आशीष चक्रपाणि,मंडल अध्यक्ष राकेश पुरोहित,सतीश सिगंला, सरपंच जय प्रकाश,सरपंच रामलाल, विकल चौबे,पूर्व नपा अध्यक्ष अशोक सिंगला, विनोद डोलिया,पार्षद फूल सिंह,हेमंत धवन,पूर्व सरपंच मनजीत सिंह, सहित भारी संख्या में लोग मौजूद थे।
47 साल से कर रहे पार्टी के काम, आज भी निराशा : बजाज
पार्टी के वरिष्ठ नेता कृष्ण बजाज का कहना है कि वे भाजपा में करीब 47 साल से काम कर रहे हैं लेकिन यह दुख की बात है कि आज भी उनकी अनदेखी की गई है। उन्हें टिकट न देकर समर्थकों के साथ भी अन्याय किया है। अब कार्यकर्ता चुनाव लड़ने का दबाव बना रहे हैं तो वे भी तैयार है और प्रचार भी शुरू कर दिया है।