कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से हॉस्टलों में सर्वेंट चार्ज लगाए जाने पर छात्र-छात्राएं विरोध में उतर आए हैं। स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया से जुड़े विद्यार्थियों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने का एलान किया है।
एसएफआई इकाई की बैठक शुक्रवार को राज्य अध्यक्ष विनोद गिल व छात्र नेता साहिल की अध्यक्षता में हुई, जिसमें आरोप लगाए गए कि केयू प्रशासन ने वादाखिलाफी की है। कुछ दिनों पहले ही केयू प्रशासन ने सर्वेंट चार्ज लगाए जाने का निर्णय लिया था, जिसका एसएफआई व अन्य छात्र संगठनों ने कड़ा विरोध किया था।
उस दौरान केयू प्रशासन ने इसे लागू न किए जाने का भरोसा दिया था। इसके बावजूद कुछ छात्र विरोधी संगठनों से मीटिंग कर सर्वेंट चार्ज लगा दिए गए। यह केयू प्रशासन की वादाखिलाफी है, जो सहन नहीं की जाएगी। एसएफआई एक प्रतिनिधिमंडल चीफ वार्डन से भी मिला है और निर्णय लिया है कि इस निर्णय के विरोध में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। संवाद