कुरुक्षेत्र। गत सप्ताह 20 किलो 800 ग्राम अफीम के साथ पकड़े गए कैंटर चालक की निशानदेही पर पुलिस ने तस्कर को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला पुष्पा भुजेल निवासी कंगला तोबी विजय नगर जिला इम्फाल (पश्चिम मणिपुर) के कब्जे से तीन हजार रुपये बरामद किए।
एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी मनदीप सिंह ने बताया कि 16 अगस्त को उनकी टीम ने पिपली चौक पर गश्त कर रही थी। टीम ने गुप्त सूचना पर एनएच-44 पर देवीलाल पार्क पिपली के सामने नाकाबंदी कर करनाल की तरफ आते हुए एक कैंटर चालक यशपाल निवासी पुराना राजपुरा जिला पटियाला पंजाब को काबू किया था। तलाशी लेने पर उसके कब्जे 20.800 किलो अफीम बरामद हुई थी। आरोपी के खिलाफ सदर थानेसर में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया था। तीन दिन बाद 18 अगस्त को आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने आरोपी गुरप्रीतम सिंह उर्फ गोलू पुराना राजपुरा, गुरप्रीत सिंह उर्फ गोल्डी निवासी बल्लो माजरा और जुझार सिंह उर्फ जुझारी निवासी पीर सोहना जिला मोहाली पंजाब को गिरफ्तार किया था। आरोपी गुरप्रीतम सिंह को आठ दिन के रिमांड पर लेकर अन्य आरोपियों को कारागार भेज दिया था। मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए टीम ने सप्लायर महिला पुष्पा भुजेल को बागडोगरा (मणिपुर) से गिरफ्तार करके तीन हजार रुपये बरामद किए गए। आरोपी महिला को अदालत के आदेश से 10 दिन के रिमांड पर लिया गया।