कुरुक्षेत्र। श्रीकृष्णा राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल में इसी माह से ही मरीजों को आयुर्वेद के साथ-साथ होम्योपेथी, योगा, सिद्दा व यूनानी की ओपीडी का भी फायदा मिलने लगेगा। सभी ओपीडी में दो-दो कंसल्टेंट चिकित्सक नियुक्त किए जाएंगे। नई ओपीडी शुरू करने को लेकर श्रीकृष्णा आयुष विश्वविद्यालय तैयारियों में जुटा है।
इसी के चलते वीरवार को सभी ओपीडी के लिए कंसल्टेंट चिकित्सकों के लिए दिन भर साक्षात्कार लिए गए। हालांकि देर शाम तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि साक्षात्कार में कितने चिकित्सक सफल हो सके हैं, लेकिन विश्वविद्यालय अधिकारियों का कहना है कि सभी औपचारिकताएं इसी माह पूरी कर ली जाएंगी तो अगले माह की शुरूआत से ही मरीजों को इन ओपीडी की सुविधा मिल सके। श्री कृष्णा आयुष विश्वविद्यालय का यह बड़ा कदम माना जा रहा है।
बॉक्स
तेजी से की जा रही औपचारिकताएं पूरी : कुलपति
विश्वविद्यालय कुलपति डॉ करतार सिंह धीमान का कहना है कि नई ओपीडी शुरू करने को लेकर औपचारिकता तेजी से पूरी की जा रही हैं। लिए गए साक्षात्कार के परिणाम भी जल्द जारी होंगे। इसके साथ ही अन्य तैयारी भी पूरी की जा रही है। ये ओपीडी शुरू होने से मरीजों को बड़ा फायदा मिल सकेगा।