कुरुक्षेत्र। एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) ने एक व्यक्ति को 10 ग्राम हेरोइन के साथ काबू किया। पुलिस ने आरोपी शुभम उर्फ अक्षय निवासी सुभाष नगर शाहाबाद को अदालत के आदेश से एक दिन के रिमांड पर लिया है ताकि सप्लायर को भी पकड़ा जा सके। एएनसी प्रभारी मंदीप सिंह ने बताया कि उनकी टीम शाहाबाद में लाडवा चौक के पास गश्त कर रही थी। तभी टीम को सूचना मिली कि शुभम उर्फ अक्षय हेरोइन, चिट्टा बेचने का धंधा करता है। शुभम आज बराड़ा रोड पर अनाज मंडी चौकटी-प्वाइंट की तरफ से पैदल बराड़ा चौक पर हेरोइन,चिट्टा बेचने के लिए आएगा। सूचना पर टीम ने डेहा कॉलोनी बराड़ा रोड के पास नाकाबंदी करके जांच शुरू कर दी। थोड़ी देर बाद पुलिस टीम को एक व्यक्ति पैदल आता दिखाई दिया। शक के आधार पर टीम ने काबू करके उससे पूछताछ की तथा उसकी तलाशी ली। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 10 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी के विरुद्ध थाना शाहाबाद में केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत के आदेश से एक दिन के रिमांड पर लिया है। संवाद