संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। एक युवक को हाईकोर्ट में नौकरी लगवाने की आड़ में एक लाख 50 हजार रुपये ठग लिए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस अधिक्षक को दी शिकायत में जुरासी खुर्द के रहने वाले खजान सिंह ने बताया कि वह किसी काम के चलते जिला कोर्ट परिसर गया था, जहां उसकी मुलाकात नीलोखेड़ी के अमृतपाल से हुई। उसने कहा कि उसकी पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में पहचान है और वह उसके बेटे को क्लर्क की नौकरी लगवा देगा। इसके लिए पांच लाख रुपये देने होंगे। उसने पहले आरोपी से एक लाख 50 हजार रुपये की मांग की, जो अलग-अलग समय पर दे दिए गए। इसके बाद आरोपी ने उसके बेटे को नौकरी पर नहीं लगवाया। जब वे उसके घर नीलोखेड़ी पहुंचे तो पता चला कि वह फर्जी नियुक्ति पत्र देकर ठगी करता है और वह ऐसे ही मामले में जेल में बंद है। अगस्त 2024 में उसे पता चला कि वह जेल से छूट गया है तो फिर उसके पास गया। उसने उसे 70 हजार रुपये का चेक दे दिया, जो बाउंस हो गया। इसके बाद फिर पता चला कि आरोपी को अंबाला पुलिस ने किसी अन्य मामले में पकड़ा है और पुलिस गिरफ्त में है वहां भी आरोपी से मिलने गए तो उसने धमकी देनी शुरू कर दी। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।