संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। पिपली-थर्डगेट मार्ग पर नए बस अड्डे के समीप सड़क के साथ निर्माणाधीन नाले में रविवार की शाम एक वृद्धा का अर्ध नग्न अवस्था में शव बरामद हुआ है। शव की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय सुभाष चंद, शहर थाना प्रभारी सीमा ने मौके का जायजा लिया। वहीं पुलिस ने सीन आफ क्राइम टीम व खोजी कुत्तों को मौके पर बुला कर सबूत जुटाए। शव का सोमवार को पोस्टमार्टम होगा। पुलिस के मुताबिक किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी थी कि वह नए बस अड्डे के समीप निर्माणाधीन नाले के पास लघुशंका के लिया गया था। उसे नाले में एक महिला का अर्ध नग्न अवस्था में शव पड़ा है।
सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस प्रभारी सीमा मौके पर पहुंचीं। इसके बाद इसकी सूचना आला अधिकारियों को दी गई। सूचना पर पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय सुभाष चंद भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने साथ लगते सेक्टर 13 व मोहन नगर के लोगों से वृद्धा की पहचान भी कराई, मगर उसके बारे में कुछ पता नहीं चल पाया। पुलिस ने सीन आफ क्राइम टीम व खोजी कुत्तों को बुलाया कर सबूत जुटाए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।