संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) में एडमिशन के लिए दो बार आवेदन लिए जाते हैं। पहले जनवरी सत्र के लिए फिर जुलाई सत्र के लिए। जनवरी सत्र के दाखिला प्रक्रिया अभी जारी है। विभिन्न तरह के सर्टिफिकेट, डिप्लोमा, पोस्ट ग्रेजुएट, डिप्लोमा, ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन पाठ्यक्रम में दाखिला ले सकते हैं, जिसके लिए दाखिले की अंतिम तिथि को बढ़ाकर अब 20 मार्च तक कर दिया गया है। क्षेत्रीय निदेशक प्रभारी डाॅ. धर्म पाल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि ऐसे विद्यार्थी जो किसी भी कारण से विश्वविद्यालय में नहीं जा सकते तो ऐसे विद्यार्थी आसानी से इग्नू से पढ़ाई कर डिग्री हासिल कर सकते हैं।
नौकरी करने वाले लोग भी आसानी से दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से अपनी उच्च शिक्षा जारी रख सकते हैं और इग्नू के किसी भी पाठ्यक्रम में एडमिशन ले सकते हैं। जिन विद्यार्थियों ने हाल ही में 12वीं कक्षा पास की है उनके लिए इग्नू में अपार संभावनाएं उपलब्ध हैं। ऐसे विद्यार्थी इग्नू से बैचलर ऑफ आर्ट्स (बीएजी), बैचलर ऑफ कॉमर्स (बीकॉम), बैचलर ऑफ कॉमर्स इन एकाउंटेंसी एंड फाइनेंस (बीकॉमए एंड एफ), बैचलर ऑफ साइंस (बीएससी), बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (बीसीए), बैचलर ऑफ लाइब्रेरी साइंस (बीलिस), बैचलर ऑफ आर्ट्स इन टूरिज्म स्टडीज (बीटीएस) और बैचलर ऑफ सोशल वर्क (बीएसडब्लू) कर सकते हैं। इसके अलावा विद्यार्थी बैचलर ऑफ आर्ट्स ऑनर्स इन इकोनॉमिक्स, हिस्ट्री, पॉलिटिकल साइंस, साइकोलॉजी, पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन, सोशलॉजी आदि में भी एडमिशन ले सकते हैं।