कुरुक्षेत्र। टिप्परों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते जिला फायर अधिकारी सुरेश मान । विज्ञप्ति
कुरुक्षेत्र। अब घर-घर जाने वाले टिप्पर गीले व सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्रित करेंगे ताकि गीले और सूखे कचरे का अलग-अलग प्रबंधन संभव हो सके। इस कार्य में नगर परिषद के अधिकारी और कर्मचारी अहम भूमिका अदा कर रहे हैं। यह जानकारी जिला फायर अधिकारी सुरेश मान ने दी। वे वीरवार को जिला फायर कार्यालय के परिसर में नगर परिषद की तरफ से आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। इससे पहले जिला फायर अधिकारी सुरेश मान, नगरपरिषद के ईओ अभय यादव ने घर-घर से गीला व सूखा कचरा एकत्रित करने वाले टिप्परों को हरी झंडी देकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि नगर परिषद की तरफ से अब घर-घर से गीला व सूखा कचरा अलग-अलग एकत्रित किया जाएगा ताकि गीले व सूखे कचरे का अलग-अलग प्रबंधन हो सके। नप ईओ अभय यादव ने कहा कि घर-घर से कचरा एकत्रित करने वाले टिप्पर के पीछे पीले, हरे और काले रंग के बॉक्स लगा दिए गए हैं। इन सभी बॉक्स में गीला व सूखा कचरा एकत्रित किया जाएगा। सभी चालकों को नगर परिषद की तरफ से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।