कुरुक्षेत्र/शाहाबाद। भले ही अभी सभी राजनीतिक पार्टियों की ओर से विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी घोषित नहीं किए जा सके हैं, लेकिन जो मैदान में आए हैं विरोध के चलते उनके पसीने छूटे हुए हैं। इन प्रत्याशियों ने अब रूठों को मनाने का अभियान शुरू कर दिया है। हर रूठे कार्यकर्ता के घर पर दस्तक दी जाने लगी है। यह समय आने पर पता चलेगा कि रूठों का मन कितना साफ हुआ है और वे इन प्रत्याशियों को कितना समर्थन कर पाएंगे। बता दें कि जिला में शाहाबाद व पिहोवा में ही कार्यकर्ताओं में रोष ज्यादा बना हुआ है। शाहाबाद में रविवार को कांग्रेस विधायक रामकरण काला ने भी रूठे कार्यकर्ताओं को मनाना शुरू किया।
रविवार शाम टिकटार्थी डॉ. अनिल भुक्कल के कार्यालय में पहुंचकर उन्होंने यह मुहिम शुरू की है। भुक्कल ने कहा कि पार्टी हाईकमान का फैसला उन्हें मंजूर है और वह रामकरण काला का साथ देंगे। इस मौके विष्णु भगवान गुप्ता, पूर्व नपा प्रधान हरीश कवात्रा, पूर्व ब्लॉक प्रधान रणधीर चढूनी, बलदेव सिंह गाबा, प्रदीप गोयल, जगमोहन सेठी और रणधीर चढूनी
सहित कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उधर पिहोवा में भाजपा प्रत्याशी कंवलजीत अजराना का कहना है कि वे एक-एक कार्यकर्ता तक पहुंचेंगे और सभी को मना लेंगे। उन्होंने रविवार को पत्रकारवार्ता भी की और कहा कि उन पर लगाए जा रहे आरोप बेबुनियाद है। वे सभी के सहयोग से ही चुनाव लड़ेंगे।