कुरुक्षेत्र। ऐलिवेटेड रेलवे ट्रैक निर्माण कार्य के चलते शनिवार को डॉ. बीआर आंबेडकर चौक के समीप फाटक बंद कर दिया गया, जिसके चलते लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। अनुमान लगाया जा रहा है कि अगले कई दिनों तक यह फाटक बंद रह सकता है। इससे पहले बिरला मंदिर चौक के पास स्थित फाटक को बंद किया गया था, जहां कई दिनों तक काम पूरा होने के बाद उसे खोला जा सका। वहीं शनिवार को बीआर आंबेडकर चौक के पास फाटक बंद हुआ तो लोगों को शहर के मुख्य बाजार की ओर जाने के लिए बिरला मंदिर चौक व रौटरी चौक के समीप स्थित रेलवे क्रॉसिंग का ही इस्तेमाल करना पड़ा, जिससे दोनों जगहों पर जाम के हालात बने रहे। उल्लेखनीय है कि शहर में करीब डेढ़ साल से ऐलिवेटेड रेलवे ट्रैक का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके पूरा होने पर शहर को पांच फाटकों से निजात मिल पाएगी। फिलहाल इन फाटकों पर रेलगाड़ियों की आवाजाही के चलते लोगों को अक्सर जाम का सामना करना पड़ता है। संवाद