कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र के 48 कोस के अंतर्गत पांच जिलों में स्थित 182 तीर्थ अब न केवल हरे-भरे होंगे बल्कि यहां औषधीय महक भी फैलेगी। इन तीर्थों पर औषधीय व सौंदर्यपरक पौधे लगाए जाएंगे, जिसका बीड़ा कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड ने उठाया है। इस अभियान की शुरूआत शनिवार से पवित्र ब्रह्मसरोवर परिसर से की गई, जहां स्व गुलजारी लाल नंदा प्रतिमा के समीप पूर्व छोर पर गुलमोहर के 18 पौधे लगाकर की गई। अब सभी तीर्थों पर यह अभियान चलाया जाएगा, जिसकी रूपरेखा तय कर ली गई है।
बता दें कि कुरुक्षेत्र के 48 कोस का क्षेत्र सात वनों का क्षेत्र माना जाता है। इनमें आदिति वन, सूर्य वन, व्यास वन, मधु वन, शीत वन, फल्की वन व काम्यक वन शामिल है। लंबे समय से तीर्थों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है, जिसके तहत इन तीर्थों को नया रूप देने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। अब केडीबी ने इन तीर्थों के परिसर हरे भरे करने का फैसला किया है, जिसके तहत हर तीर्थ पर पौधरोपण किया जाएगा। खासकर औषधीय गुणों से भरपूर हरड़, बहेड़ा और आंवला सहित अन्य प्रकार के पौधे लगाए जाएंगे। यही नहीं गुलमोहर सहित अन्य प्रकार के सौंदर्यपरक पौधे भी लगाए जाएंगे। हर तीर्थ पर 10 से 100 तक पौधे लगाए जाने हैं, जिसके लिए संबंधित तीर्थ की कमेटी व गांव के लोगों का भी सहयोग लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार पहुंचे, एडीसी ने भी चलाई कस्सी
तीर्थों को हरा भरा करने के लिए ब्रह्मसरोवर से पौधरोपण अभियान शुरू किया गया तो वहीं श्रीकृष्ण संग्रहालय परिसर में भी पौध रोपण किया गया, जहां मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार भारत भूषण भारती मुख्यातिथि रहे तो वहीं केडीबी के मानद सचिव उपेंद्र सिंघल, सीईओ एवं अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. वैशाली शर्मा के अलावा बोर्ड के पदाधिकारी, सदस्य एवं संग्रहालय के क्यूरेटर प्रभारी बलवान सिंह, पुरातत्ववेत्ता राजेंद्र राणा व अन्य लोग भी मौजूद रहे। पौधरोपण को लेकर सभी में उत्साह दिखा। यहां तक कि केडीबी सीईओ ने खुद कस्सी चलाई। भारत भूषण भारती ने अधिक से अधिक पौधरोपण किए जाने का आह्वान किया। इस दौरान केडीबी सदस्य युधिष्ठिर बहल, ऋषीपाल मथाना, अशोक रोशा और कैप्टन परमजीत सिंह ने भी पौधरोपण किया। मानद सचिव ने बताया कि तीर्थों पर पौधरोपण कार्य इसी माह पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
ये है जिला वार तीर्थ
कुरुक्षेत्र 46
कैथल-73
जींद22
करनाल40
पानीपत1
कुरुक्षेत्र। पौध रोपण के लिए कस्सी चलाते हुए केडीबी सीईओ एवं अतिरिक्त उपायुक्त डॉ वैशाली शर्मा।