कुरुक्षेत्र। कुवि का शिक्षक प्रशिक्षक एवं अनुसंधान संस्थान। संवाद
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में अब नए सत्र से विद्यार्थी शिक्षक प्रशिक्षक एवं अनुसंधान संस्थान में इंटीग्रेटेड चार वर्षीय बीएड में पढ़ाई कर सकेंगे, जिसमें इच्छुक विद्यार्थी 25 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्राचार्य प्रो. अमीशा सिंह ने बताया कि नए सत्र से संस्थान में विद्यार्थी इंटीग्रेटेड बीए बीएड, बी कॉम बीएड और बी एससी बीएड में दाखिला के लिए आवेदन कर सकते हैं। पहले संस्थान द्वारा दो साल की बीएड कराई जा रही थी, जिसमें स्नातक व स्नातकोत्तर करने के बाद विद्यार्थी दाखिला लेते थे लेकिन इंटीग्रेटेड कोर्स के तहत विद्यार्थी 12वीं कक्षा के बाद सीधा बीए, बी एससी व बीकॉम में बीएड कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि नए कोर्स में दाखिले को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और नया पाठ्यक्रम भी तैयार किया जा रहा है। ताकि दाखिले के बाद कक्षाएं सुचारू हो सकें। चार वर्षीय बीए बीएड में 50, बी कॉम बीएड में 50 और बी एससी बीएड में 50 सीटें उपलब्ध है और दो वर्षीय बीएड कोर्स में 150 सीटों पर विद्यार्थी दाखिले के लिए आवेदन कर सकते हैं।
25 तक बढ़ाई गई आवेदन की तिथि
प्राचार्य ने बताया कि एनटीए की परीक्षा स्थगित होने के चलते इंटीग्रेटेड बीएड कोर्सों की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 25 जून किया गया है। क्योंकि टेस्ट के आधार पर ही विद्यार्थियों का चयन बीएड कोर्स में होगा। ये तिथि को आगे भी बढ़ाया जा सकता है, क्योंकि एनटीए की ओर से जैसे ही परीक्षा लेकर परिणाम जारी किया जाएगा, उसके बाद ही आगे की प्रकिया की जा सकेगी।
चार जुलाई को जारी होगी पहली मेरिट सूची जारी
बीए बीएड, बी कॉम बीएड और बी एससी बीएड की पहली मेरिट सूची चार जुलाई को लगेगी, जिसके बाद विद्यार्थी पांच जुलाई तक का समय फीस भरने और दस्तावेज जांच के लिए दिया जाएगा। दूसरी सूची नौ जुलाई और तीसरी मेरिट सूची 13 जुलाई को लगाई जाएगी, जिसके बाद दो दिन का समय फीस जमा और दस्तावेज जमा कराने के लिए दिया जाएगा।