कुरुक्षेत्र। ई टिकटिंग मशीन में हैप्पी कार्ड लगाने पर आ रही त्रुटि। संवाद
कुरुक्षेत्र। अब हैप्पी कार्ड परिचालकों के लिए जी का जंजाल बनने लगे हैं, जिसके चलते परिचालकों की परेशानियां अब कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। सफर के दौरान ई टिकटिंग मशीन में हैप्पी कार्ड के न चल पाने से जहां परिचालक को परेशानी झेलनी पड़ती है तो वहीं यात्रियों के लिए भी अब समस्या खड़ी होने लगी है। परिचालकों की माने तो हैप्पी कार्ड को ई टिकटिंग मशीन में लगाने पर आने वाली त्रुटि परेशानी का कारण बन रही है। बसों में सफर कर रहे यात्री हैप्पी कार्ड से फ्री यात्रा होने का हवाला देकर टिकट लेने से परहेज कर रहे हैं, जिससे कई बार परिचालकों और यात्रियों के बीच तनातनी जैसी स्थिति बन रही है।
यात्री कर रहे परिचालकों से दुर्व्यवहार : नरेंद्र पांचाल
ऑल हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के डिपो प्रधान नरेंद्र पांचाल का कहना है कि हैप्पी कार्ड ई टिकटिंग मशीनों में लगाए जाने पर त्रुटि दिखा रहे हैं। यात्री हैप्पी कार्ड पर निशुल्क यात्रा का हवाला देकर टिकट नहीं खरीदते और परिचालकों से दुर्व्यवहार करने लग जाते हैं। इससे कई बार परिचालकों और यात्रियों में तनाव भी उत्पन्न हो जाता है। यूनियन की ओर से मांग की जाती है कि हैप्पी कार्ड की व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए समाधान किया जाए, ताकि परिचालकों और यात्रियों को किसी भी तरह की परेशानी न हो और रोडवेज को भी किसी तरह का नुकसान न हो।
संबंधित कंपनी को दिए जाएंगे समाधान के आदेश : शेर सिंह
रोडवेज महाप्रबंधक शेर सिंह का कहना है कि हैप्पी कार्ड में त्रुटि की समस्या बहुत ही कम देखने को मिल रही है, लेकिन फिर भी इसके समाधान के लिए संबंधित कंपनी को आदेश जारी किए जाएंगे। इसके लिए मशीनों की जांच कराई जाएगी, ताकि यात्रियों और परिचालकों को किसी भी तरह की समस्या न हो।
कुरुक्षेत्र। ई टिकटिंग मशीन में हैप्पी कार्ड लगाने पर आ रही त्रुटि। संवाद