संवाद न्यूज एजेंसी
लाडवा। गांव हिनौरी के पास पश्चिमी यमुना नहर में बहे युवक का रविवार को भी सुराग नहीं लग पाया है जबकि उसकी तलाश के भरसक प्रयास किए गए। परिजन भी दिनभर नहर किनारे पहरा लगाए रहे तो वहीं एसडीआरएफ की टीम ने भी छह घंटे तक तलाश की। इसके बावजूद कोई पता नहीं चल पाया। अब सोमवार को फिर से तलाशी अभियान चलाया जाएगा।
बता दें कि गत दिवस गांव मेहरा के रहने वाले दीपक व कार्तिक व रजत नहर पर नहाने के लिए गए थे। जहां रजत नहाने के लिए नहर में उतर गया था। उसे बचाने के प्रयास में दीपक व कार्तिक भी नहर में कूद गए, लेकिन इन दोनों को डूबता देख वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने बचा लिया था। सूचना मिलने पर पुलिस ने भी तलाशी अभियान चलाया था, लेकिन रजत का रविवार को दूसरे दिन भी कोई पता नहीं चल पाया। थाना प्रभारी नरेश कुमार का कहना है कि एसडीआरएफ की टीम लाडवा में ही ठहरी हुई है और सोमवार को फिर तलाश की जाएगी।