कुरुक्षेत्र। गांव मिर्जापुर से लापता हुए जिला कैथल के कोल गांव निवासी पुनीत की तलाश में चलाया जा रहा सर्च अभियान अब तक सफल नहीं हो पाया है। वीरवार को स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एसडीआरएफ) और गोताखोरों की टीम ने मिर्जापुर पुल से लेकर भाखड़ा नहर में करीब चार किलोमीटर तक सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद अब एसडीआरएफ व गोताखोरों की पुनीत के मिलने की आस टूटने लगी है। ऐसे में अब टीम ने पुनीत का तलाश बंद करने का विचार किया है। गोताखोरों का कहना है कि अब अगर पुनीत ने नहर में छंलाग लगाकर जान दी है तो उसका शरीर चार से पांच दिनों में ऊपर आ जाता। यहां तो पुनीत ने नहर में छलांग लगाई नहीं या फिर वह आगे बह गया। पुनीत गांव में सीएससी सेंटर चलाता था। लापता होने से पहले उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड किया था, जिसमें उसने दो एजेंटों पर विदेश भेजने के नाम पर 7.5 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया था। दोनों पर न्यूजीलैंड और बाद में जर्मनी भेजने के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है। संवाद