हरियाणा के कुरुक्षेत्र के इस्माईलाबाद से एक राइस मिलर संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया। जिसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। उसकी कार झांसा नहर से बरामद की गई है। जिसके बाद परिवार के लोगों को युवक के साथ कोई अनहोनी की आशंका बनी हुई है।
अनिल कुमार ने बताया कि उसका बेटा करीब 38 वर्षीय पंकज सिंगला एक राइस मिल में हिस्सेदार है। वह कल शाम करीब छह बजे कार लेकर अचानक ही घर से निकला था। वह जाते समय भी कुछ बताकर नहीं गया और जब देर रात तक वह वापस नहीं लौटा और उससे कोई संपर्क नहीं हो पाया तो पुलिस को शिकायत दी।
पुलिस ने रात को ही गुमशुदगी रपट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी। सुबह होते ही राहगीरों ने कार नहर में दिखाई दी। सूचना मिलने पर परिवारजन व पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो कड़ी मशक्त कर कार को नहर से निकाला गया। पंकज की तलाश में नहर में गोताखोरों की टीम के जरिए सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस अभी उसकी तलाश में जुटी है।