कुरुक्षेत्र। बारिश के बीच धरनास्थल पर डटे एनएचएम कर्मी।
कुरुक्षेत्र। नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) के तहत कार्यरत कर्मियों का आंदोलन उग्र होता जा रहा है। अब कर्मियों ने मुंडन कराने, भीख मांगने से लेकर जनप्रतिनिधि व जनता के बीच जाकर अपनी मांग उठाने का निर्णय लिया है। रविवार को बारिश के बीच कर्मी धरना स्थल पर डटे रहे। उधर, प्रदेश कमेटी के आह्वान पर कर्मियों ने शुक्रवार तक अलग-अलग तरह से अपना विरोध जताने का निर्णय लिया है। इसके तहत कर्मी सोमवार को धरनास्थल पर सार्वजनिक मुंडन कराएंगे। इसमें पांच पुरुष कर्मी मुंडन कराकर रोष व्यक्त करेंगे। अगले दिन कर्मी सार्वजनिक स्थानों पर भीख मांगेंगे। मंगलवार को सरकार के खिलाफ रोष मार्च निकाला जाएगा, जबकि 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसमें कर्मी स्वेच्छा से कर रक्तदान करेंगे। अगले दिन दोबारा से रोष मार्च निकाला जाएगा और जन प्रतिनिधि को ज्ञापन दिया जाएगा।
एनएचएम के तहत कार्यरत डॉ. सुरेश शर्मा ने बताया कि सरकार एनएचएम के सेवा नियम के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ न करे। भले ही एनएचएम केंद्र सरकार के अधीन है, मगर कर्मी प्रदेश में अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। केंद्र सरकार ने साफ कर दिया है कि एनएचएम सेवा पर प्रदेश सरकार अपने स्तर पर कोई निर्णय लेकर लागू कर सकती है, मगर प्रदेश सरकार उनको पक्का करने की बजाय सेवा नियम में छेड़खानी का प्रयास कर रही है। यह कतई सहन नहीं किया जाएगा।