बर्खास्त एनएचएम कर्मचारियों को किया जाए बहाल : संघ
- फोटो : Amar Ujala
अपनी मांगों को लेकर शुक्रवार को सर्व कर्मचारी संघ सड़कों पर उतर आया और जमकर रोष व्यक्त किया। कर्मचारियों ने जिला सचिवालय में रोष जाहिर करने के उपरांत सीटीएम को एक ज्ञापन भी सौंपा। इससे पूर्व सुबह ही संघ के आह्वान पर भारी संख्या में कर्मचारी सेक्टर 10 के ताज पार्क में एकत्रित हुए, जहां बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संघ ने सरकार से बर्खास्त एनएचएम कर्मचारियों को बहाल करने की मांग की। बैठक के अध्यक्ष जिला सचिव नरेश कुमार ने कहा सरकार एक ओर तो हरियाणा स्वर्ण जयंती मना रही है वही दूसरी ओर कर्मचारियों के साथ बर्बरता पूर्वक रवैया अपना रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की दमनकारी नीतियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला सचिव ओमप्रकाश ने कहा कि सरकार ने 150 ट्रेड यूनियन कर्मचारियों पर झूठे मुकदमे दर्ज करना अलोकतांत्रिक है। हम सरकार से मांग करते है कि ट्रेड यूनियन कर्मचारियों के खिलाफ सभी मुकदमे वापस लिए जाये। साथ ही एनएचएम कर्मचारियों को बहाल किया जाए। हेमसा के राज्य कोषाध्यक्ष रणबीर रोहिला और अध्यापक नेता सतबीर नरवाल ने संयुक्त बयान में कहा कि सरकार सातवें वेतन आयोग के नाम पर झूठा प्रचार कर रही है। इस मौके पर ब्लाक प्रधान आनंद सिंह, एएचपीसी नेता जयवीर संधु, कुटिंया नेता रविंद्र तोमर, रावल गुप्ता, पर्यटन विभाग के नेता सुरेश गुढा, रामकुमार, सुनिल रत्न, महेंद्र सिंह, सुखविंद्र सिंह, रामनाथ, कुलविंद्र कौर, फुलकली,बलजीत सिंह आदि मौजूद थे।