कुरुक्षेत्र। राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने वीरवार को झांसा रोड सरस्वती चैनल पर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्हें न तो सरस्वती में समुचित सफाई मिली, जिससे बारिश के दौरान पानी की निकासी सही हो सके और न ही उसके आसपास किए जाने वाले प्रबंध ही दुरुस्त मिले।
यह स्थिति तब थी जबकि 15 जून को निरीक्षण के दौरान उन्होंने मानूसन से पहले व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे। इससे नाराज राज्यमंत्री ने अधिकारियों को फटकार लगाई और दो दिन में व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
प्रदेशभर में मानसून की दस्तक हो चुकी है, लेकिन अब तक धरातल पर तैयारियां नजर आ नहीं आ रहीं हैं। अलबत्ता अधिकारियों की ओर से आवश्यक तैयारियों के दावे किए जा रहे हैं। हकीकत यह है कि न पिछले वर्ष आई बाढ़ से अधिकारी सबक ले रहे और न ही राज्यमंत्री सुभाष सुधा के आदेशों की परवाह है। ऐसे में इस बार भी बारिश के दौरान शहरवासियों को जलभराव से दो-चार होना पड़ेगा।
जलनिकासी की व्यवस्था और साफ-सफाई का जायजा लेने पहुंचे राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने वीरवार को नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान सरस्वती बोर्ड के कार्यकारी अभियंता को निर्देश दिए कि वे पोपलेन मशीन या मैनुअल तरीके से शहर की सफाई व्यवस्था करवाना सुनिश्चित करवाएं। उन्होंने निरीक्षण के दौरान अन्य संबंधित विभाग के अधिकारियों, जिनमें नगर परिषद, सिंचाई विभाग व अन्य शामिल थे, उनसे भी सफाई व्यवस्था के तहत जो कार्य किए गए हैं, उसकी जानकारी हासिल की। इस मौके पर नगर परिषद के ईओ अभय यादव, सरस्वती हैरीटेज बोर्ड के कार्यकारी अभियंता नवतेज सिंह, कार्यकारी अभियंता सिंचाई विभाग मुनीष बब्बर, एमई संदीप शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
बॉक्स
चार-चार फीट की दीवार बनाने के आदेश
उन्होंने काॅलोनी वासियों की मांग पर अधिकारियों को 4-4 फीट की दीवार बनवाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि यदि कार्य के लिए बजट की आवश्यकता है तो वह उसे उपलब्ध करवाने का काम करेंगे। उन्होंने सरस्वती बोर्ड के अधिकारियों को यह भी स्पष्ट किया कि वह शनिवार को दोबारा से यहां का जायजा लेंगे, यदि लापरवाही दिखी तो कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।