कुरुक्षेत्र। परीक्षा केंद्र से परीक्षा दिए बिना निराश लौटते प्रतिभागी और इंतजार करते अभिभावक।
कुरुक्षेत्र। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से आयोजित नेशनल कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (एनसीईटी) की परीक्षा बुधवार को प्रतिभागी नहीं दे पाए। केंद्रों पर हड़कंप तब मच गया जब परीक्षा के निर्धारित समय पर विद्यार्थियों के हाथ में पेपर नहीं आया और शिक्षक पेपर को डाउनलोड करने के लिए भागते रहे। भीषण गर्मी में प्रतिभागियों का इंतजार बाहर कर रहे अभिभावकों को भी काफी परेशानी झेलनी पड़ी। कई विद्यार्थी अन्य जिलों से सुबह के पहुंचे हुए थे। ऐसे में पांच घंटे बीतने के बाद जब विद्यार्थी परीक्षा केंद्र से निराश बाहर आए ताे अभिभावकों ने भी रोष जताया और विद्यार्थियों को निराश घर लौटना पड़ा।
केंद्र में प्रवेश करने का समय 12 बजे निर्धारित किया गया था और एक बजकर 30 मिनट पर केंद्र द्वार बंद करने के विद्यार्थियों को आदेश दिए गए थे। टेस्ट का समय दो से पांच बजे तक निर्धारित किया गया था, जिसके चलते प्रतिभागियों को और उनके साथ आए अभिभावकों को करीब पांच घंटे तक परेशानी झेलनी पड़ी। नेशनल हाईवे के समीप स्थित केंद्र पर भी दूर-दराज से प्रतिभागी व अभिभावक पहुंचे थे। एनटीए द्वारा जारी की गई सूचना के मुताबिक एनसीईटी 2024 के लिए 40 हजार 233 उम्मीदवारों ने पंजीकरण किया था, जिसमें बायोमेट्रिक पंजीकरण डेटा के मुताबिक 160 शहरों में स्थित 292 केंद्रों पर करीब 29 हजार उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए थे। तकनीकी दिक्कत होने के कारण केंद्रों पर परीक्षा शुरू नहीं हो पाई, जिसके चलते परीक्षा स्थगित कर दी गई है।