पिहोवा। अनाज मंडी एसोसिएशन के चुनाव में लगातार दूसरी बार नंदलाल सिंगला ने प्रधान पद के लिए बाजी मारी। इससे सिंगला समर्थकों में खुशी की लहर है।
चुनाव कमेटी की ओर से सुभाष चंद मेहला एवं युधिष्ठिर राय बहल ने बताया कि प्रधान पद के लिए नंदलाल सिंगला को 203 मत हासिल हुए। जबकि उनके प्रतिद्वंद्धी विनोद बंसल को 136 वोट मिले। इसी तरह सचिव पद के लिए रमेश मित्तल को 183 और अमित सिंगला को 154 वोट मिले। एक मतदाता ने नोटा का प्रयोग किया। दो अन्य वोट रद्द कर दिए गए।
नंदलाल सिंगला इससे पूर्व भी मंडी के प्रधान थे। सिंगला और रमेश मित्तल लगातार दूसरी बार प्रधान और सचिव चुने गए हैं। नवनिर्वाचित प्रधान सिंगला ने कहा कि किसान एवं व्यापारी दोनों एक दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने हमेशा दोनों के हकों की लड़ाई लड़ी है। जिसके परिणाम स्वरूप मंडी के व्यापारियों ने उन्हें एक बार फिर से सेवा का मौका दिया है।
उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि व्यापारियों को और सरकार के बीच सामंजस्य स्थापित करके सभी समस्याओं को दूर किया जा सके। इस मौके पर चुनाव कमेटी की ओर से अशोक सिंगला, राकेश बधवार, रविंदर वड़ैच, गुरमीत सिंह, लखविंदर सिंह, तरसेम मित्तल, रोशन सिंगला, सोहन लाल सिंगला, रामलाल व अनिल कुमार आदि मौजूद रहे।