कुरुक्षेत्र। ग्रामीण आंचल से खेल प्रतिभाओं को तराशने और उन्हें गांव में ही खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से सरकार की तरफ से खेलों का सामान उपलब्ध करवाया गया है। यह सामान हरियाणा खेल उपकरण प्रावधान योजना 2023-24 के अंतर्गत गांवों के युवाओं को दिया गया है। अहम पहलू यह है कि प्रथम चरण में 19 गांवों को क्रिकेट, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, जूडो, कुश्ती, फुटबॉल आदि खेलों का समान उपलब्ध करवाया गया है।
नगराधीश रमन गुप्ता ने यह जानकारी दी। वे मंगलवार को द्रोणाचार्य स्टेडियम में खेल विभाग की तरफ से आयोजित खेल सामान वितरण कार्यक्रम में बोल रहे थे। इससे पहले नगराधीश रमन गुप्ता, जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार ने 19 गावों के पंचायत प्रतिनिधियों को क्रिकेट, वॉलीबॉल, बाॅस्केटबॉल, जूडो, कुश्ती, फुटबॉल आदि खेलों का समान वितरित किया। नगराधीश ने कहा कि गांव में अब युवाओं को खेलों की तरफ आकर्षित किया जा सकता है। इस जिले के 19 गांवों में अब युवाओं को खेलों के लिए उच्च गुणवत्ता का सामान उपलब्ध करवाया गया है। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण आंचल से खेल प्रतिभाओं को सामने लाया जाए।
डीएसओ मनोज कुमार ने कहा कि हरियाणा खेल विभाग की तरफ से हरियाणा खेल उपकरण प्रावधान योजना 2023-24 के तहत खेलों का समान उपलब्ध करवाया गया है। जिन पंचायतों ने खेलों के सामान के लिए आवेदन किया था, उनको सामान उपलब्ध करवा दिया गया है। अब खिलाड़ी अपने गांव में ही खेल सकेंगे। इस मौके पर सरपंच एसोसिएशन के प्रधान जितेंद्र खैरा, उप अधीक्षक मनोज कुमार, अमीन ब्लॉक सरपंच एसोसिएशन के प्रधान गौरव जैलदार, प्रशिक्षक शिव कुमार, मंदीप सिंह, अरुण कुमार, जसविंद्र सिंह आदि मौजूद थे।
19 गांवों को मिला खेलों का समान
जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि खेल विभाग की तरफ से हरियाणा खेल उपकरण योजना 2023-24 के तहत गांव भैंसी माजरा को कुश्ती मैट, गांव सुल्तानपुर को जुडो मैट, गांव गुढी को वॉलीबॉल, किक्रेट किट, गांव शेरगढ़ को वॉलीबॉल, गांव बरगट को वॉलीबॉल व कुश्ती किट, गांव डेरा फतेह सिंह को कुश्ती मैट व बाॅस्केटबॉल, गांव अभिमन्युपुर को वॉलीबॉल, फुटबॉल, बाॅस्केटबॉल व कुश्ती का सामान, गांव मुगल माजरा को कुश्ती व क्रिकेट किट, गांव मथाना को वॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, कुश्ती व किक्रेट, गांव मद्दीपुर को हैंडबॉल व कुश्ती, गांव टाटका को वॉलीबॉल व क्रिकेट, गांव बरगट जाटान को वॉलीबॉल व कुश्ती, गांव शादीपुर को वॉलीबॉल व क्रिकेट, गांव खैरा को वॉलीबॉल व क्रिकेट, गांव बाबैन को कुश्ती, गांव किशनगढ़ को जूडो, गांव धीरपुर को वॉलीबॉल व क्रिकेट, गांव मेहरा को क्रिकेट, गांव संघौर को वॉलीबॉल व कुश्ती का समान दिया गया।