शाहाबाद। सांसद नवीन जिंदल की ओर से क्षेत्र के युवाओं को खेलों से जोड़ने व ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए चलाई जा रही योजनाओं के तहत दो प्रतिभावान बेटियों को हॉकी किट भेंट की गई। यह सौगात धंतौड़ी गांव की अश्मित कौर और कलसानी गांव की अरवन कौर को दी गई, जो वर्तमान में हॉकी की नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। सांसद कार्यालय के प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि शाहाबाद क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता मास्टर सुभाष कलसाना ने इन दोनों बालिका खिलाड़ियों की आर्थिक स्थिति व प्रतिभा के बारे में सांसद नवीन जिंदल को अवगत करवाया था। सुभाष कलसाना ने पत्र के माध्यम से सांसद से आग्रह किया था कि इन उभरती हुई खिलाड़ियों को सहयोग प्रदान किया जाए ताकि वे भविष्य में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकें। सांसद ने त्वरित संज्ञान लेते हुए अपने कार्यालय को निर्देश जारी किए, जिसके बाद टीम द्वारा दोनों खिलाड़ियों को हॉकी किट प्रदान की गई। किट में हॉकी स्टिक, शूज, शिन गार्ड, ड्रेस व अन्य आवश्यक उपकरण शामिल हैं।