कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में पीजी पाठ्यक्रमों एवं सर्टिफिकेट डिप्लोमा में दाखिला लेने के लिए विद्यार्थियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखी जा रही है। 49 विभागों/संस्थानों के 171 पाठ्यक्रमों की पांच हजार से अधिक सीट पर सोमवार सुबह तक दाखिले के इच्छुक 26 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किए हैं। सोमवार रात 12 बजे तक आवेदन आने के बाद मंगलवार से विश्वविद्यालय प्रशासन दाखिला प्रक्रिया के दूसरे चरण की तैयारियों में जुट जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से 11 अक्तूबर को पहली कट ऑफ लिस्ट जारी की जाएगी। पिछले वर्ष की भांति इस सत्र में भी एमएससी जूलॉजी, मैथ, एलएलबी, एमएससी केमिस्ट्री, एमएससी केमिस्ट्री मैथमेटिक्स सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में एक-एक सीट पर 10 से 18 गुणा आवेदन आए हैं। जानकारी के अनुसार एमएससी जूलॉजी की 60 सीटों पर 1308, एमएससी मैथ की 150 सीटों पर 1388, एलएलबी प्रोफेशनल की 172 सीटों पर 1337, एमएससी फिजिक्स की 120 सीटों पर 1244, बॉटनी की 60 सीटों पर 1136, एमबीए की 120 सीटों पर 1196, एमएससी केमिस्ट्री नॉन मैथमेटिक्स की 60 सीटों पर 912 व केमिस्ट्री मैथमेटिक्स की 60 सीटों पर 822 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसके अलावा एमसीए की 120 सीटों पर 789, एमएससी माइक्रोबायोलॉजी की 50 सीटों के लिए 687, बायोटेक्नोलॉजी की 40 सीटों पर 697, एमए राजनीति विज्ञान की 743 सीटों पर 586 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनके अलावा भी अन्य पाठ्यक्रमों में कड़ी प्रतिस्पर्धा देखी जा रही है। शेड्यूल के अनुसार पीजी डिप्लोमा, एडवांस्ड डिप्लोमा, डिप्लोमा तथा सर्टिफिकेट कोर्स में बिना किसी विलंब शुल्क के साथ 18 अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। एमए, एमएससी व एमकॉम सहित अन्य पीजी कोर्स में दाखिला संबंधी पहली मेरिट सूची अब 11 अक्तूबर को जारी की जाएगी तथा 13 अक्तूबर तक ऑनलाइन फीस जमा कराने का मौका दिया जाएगा। दूसरी मेरिट सूची 18 तथा 21 अक्तूबर तक फीस जमा करानी होगी। तीसरी मेरिट लिस्ट 25 अक्तूबर व फीस 27 अक्तूबर तक जमा करानी होगी। दाखिला संबंधी अंतिम मेरिट सूची 8 नवंबर तथा फीस 10 नवंबर तक जमा करानी होगी। लोक संपर्क विभाग के उप-निदेशक डॉ. दीपक राय बब्बर ने बताया कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के यूटीडी/संस्थानों में 171 पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए आवेदकों में होड़ लगी हुई है। विश्वविद्यालय अब दाखिला प्रक्रिया की दूसरे चरण की तैयारियों में जुट गया है।