संवाद न्यूज एजेंसी
पिपली। बीड मथाना रोड पर बुधवार को एक दस वर्षीय बच्चे का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। बच्चा 25 जुलाई को कांवड़ शिविर में जाने की बात कहकर घर से निकला था। आशंका है कि बच्चे की हत्या कर सड़क के समीप झाड़ियों में फेंका गया है। सूचना मिलने पर थाना सदर पुलिस प्रभारी सतपाल सिंह, सीआईए टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर सीन ऑफ क्राइम टीम को बुलाकर नमूने एकत्रित किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एलएनजेपी अस्पताल भेज दिया है।
मृतक बच्चे की पहचान मनोज निवासी बिहोली के रूप में हुई है। मनोज 25 जुलाई को दोपहर बाद घर से कांवड़ शिविर में जाने की बात कहकर गया था। देर रात तक जब मनोज घर नहीं पहुंचा तो उसकी माता सरोज ने मनोज की गुमशुदगी की शिकायत थाना सदर में दी थी। मनोज के माता पिता ने उसका पता लगाने के लिए काफी प्रयास किए। मनोज का पता नहीं चल पाया था। मनोज का शव बुधवार को लाडवा रोड स्थित बीड़ मथाना मोड पर झाड़ियों में पड़ा मिला।
किसी राहगीर ने शव की सूचना थाना सदर पुलिस को दी। थाना सदर पुलिस के प्रभारी सतपाल सिंह ने सूचना मिलते ही मौके का दौरा किया। मौके पर सीन ऑफ क्राइम टीम को भी बुलाया गया। शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पुलिस सकते में आ गई और मौके पर सीआईए टीम को भी बुलाया गया। जैसे ही बीड़ मथाना मोड़ पर बच्चे का शव मिलने की खबर फैली तो बिहोली के कई लोग भी वहां पहुंच गए।
पहचान की गई तो मृतक बच्चा मनोज निवासी बिहोली निकला। मृतक मनोज के पिता सुनील ने इस संबंध में थाना सदर में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मनोज के पिता सुनील ने बताया कि मनोज गांव बिहोली के सरकारी स्कूल में चौथी कक्षा में पढ़ता था। 25 जुलाई को वह कांवड़ शिविर में जाने के लिए कहकर घर से गया था। थाना सदर प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि 25 जुलाई को मनोज की गुमशुदगी की शिकायत उसकी माता सरोज ने पुलिस को दी थी। बच्चे की मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम की रिपोर्ट से होगा।