शाहाबाद। शुगर मिल में कार्यरत एक कर्मी की ड्यूटी पर आते समय बाइक सवार बदमाशों ने जेब फाड़ ली और पांच हजार रुपये निकालकर फरार हो गए। अंबाला के गांव थंबड़ निवासी रामकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह हर रोज की तरह 23 जून को भी सुबह आठ बजे अपने घर से ड्यूटी के लिए निकला था। मोटरसाइकिल पर सवार होकर जब वह गांव माली माजरा से लखमड़ी मोड़ पर पहुंचा तो मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उसे रोक लिया और जबरन उसके कुर्ते की जेब फाड़ ली, जिसमें कुछ दस्तावेज व पांच हजार रुपये की नकदी थी। उसे धमकी दी और आरोपी फरार हो गए। उसने उनका पीछा भी किया लेकिन वह भागने में कामयाब रहे। घटना की जानकारी उसने तत्काल पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
बस की चपेट में आने से महिला की मौत
पिहोवा। पंजाब रोडवेज की बस की चपेट में आने से साइकिल सवार एक महिला की मौत हो गई। आरोपी बस चालक फरार हो गया। डेरा बाजीगर निवासी सोनू ने बताया कि उसकी मां अमरो देवी सुबह नौ बजे साइकिल पर सवार होकर कुरुक्षेत्र रोड पर स्थित खेतों से पशुओं के लिए चारा लेने जा रही थी, तभी पंजाब रोडवेज की बस ने उसे टक्कर मार दी, जिसमें वह बुरी तरह से घायल हो गई। उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।