कुरुक्षेत्र/पिपली। जीटी रोड पर देर शाम कार की टक्कर लगने से सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त बवुआ (44) बगहरी जिला उन्नाव (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। बवुआ सड़क किनारे खड़ा होकर अपने बेटे से बातचीत कर रहा था। थाना सदर में दर्ज शिकायत में सूरज ने बताया कि वह बुधवार को अपने परिवार के साथ लुधियाना से कैंटर में सामान लेकर उन्नाव जा रहा था। वह लोग रास्ते में शाम करीब साढ़े सात बजे पिपली के पास एक ढाबे पर चाय पीने के लिए रुके थे। इस दौरान वह अपने पिता के साथ ढाबे के पास सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहा था। उसी समय चंडीगढ़ की तरफ से तेज रफ्तार में आई गाड़ी ने उसके पिता को टक्कर मार दी, जिससे उसका पिता सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसने अपने पिता को संभाला और एंबुलेंस का इंतजाम करके एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने जांच करके उसके पिता को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। पुलिस ने कार नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।