कुरुक्षेत्र। शहरी स्थानीय निकाय राज्यमंत्री सुभाष सुधा के विशेष प्रयास से लोगों को और बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने वाली है। लोकनायक जयप्रकाश नागरिक अस्पताल परिसर में 100 बेड का नया अस्पताल फेस 2 के तहत बनाया जाएगा, जिस पर 88.52 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। आठ मंजिला बनने वाले इस भवन के सिविल कार्य के लिए 36 करोड़ रुपये की निविदा जारी की जा चुकी है, जिसके चलते अब इसका निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है। नया भवन बनने पर अस्पताल 200 बेड का हो जाएगा, जहां मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। अस्पताल में प्रथम चरण के तहत 100 बेड के अस्पताल की सुविधा लोगों को मिल रही है। अब लोगों को दूसरे चरण के तहत 100 बेड के नए अस्पताल की सुविधा मिलेगी। उन्हें इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
कार्यकारी अभियंता राजकुमार ने बताया कि राज्यमंत्री सुभाष सुधा के विशेष प्रयास से यह सौगात लोगों को मिलने जा रही है। अस्पताल के प्रांगण में जो पुराना भवन है, उसे तोड़कर यहां पर 100 बेड का नया अस्पताल बनाया जाएगा। इसी के तहत 36 करोड़ रुपए के सिविल वर्क के लिए निविदा हो चुकी है और बाकी कार्य के लिए भी निविदा की औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
बेसमेंट में होगा बिजली पैनल रूम, सीसीटीवी कंट्रोल, पार्किंग की सुविधा
उन्होंने बताया कि यहां पर आठ मंजिला भवन बनेगा, जिसमें आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। बेसमेंट के तहत बिजली पैनल रूम, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, पार्किंग की सुविधा, एचवीएसी प्लांट रूम व फायर डक्ट आदि सुविधाएं होगी। इसी प्रकार ग्राउंड फ्लोर पर एएचयू रूम, पेंट्री, सैंपल कलेक्शन रूम, अर्श क्लीनिक, ओपीडी, लेप्रोस्कोपी रूम, ड्रेसिंग रूम, डेंटल ओपीडी, एमएलआर रूम आदि शामिल हैं।
प्रथम तल पर एएचयू रूम, ओपीडी, पंजीकरण, रिकॉर्ड रूम, दूसरे तल पर एएचयू रूम, लेबर वार्ड, आईसोलेशन रूम, वेंटिलेटर रूम, बोर्न यूनिट आदि सुविधाएं, तृतीय तल पर ब्लड बैंक, आईसीयू वार्ड, डायलिसिस वार्ड, नर्स व डाॅक्टर रूम, चतुर्थ तल पर तीन ऑपरेशन थियेटर, एएचयू, आईसीयू, एचडीयू आदि, पांचवें तल पर एएचयू रूम, नर्स सेक्शन, डाक्टर रूम, छटे तल पर निजी रूम, पेंट्री स्टोर, नाइट डयूटी रूम, डाॅक्टर लांज, सातवें तल पर एएचयू, कार्यालय रूम, पेंट्री, स्टोर, आठवें तल पर मशीन रूम व ममटी आदि होगी। इसके साथ-साथ इस भवन में छह लिफ्ट, रैंप के साथ अन्य सुविधाएं शामिल होंगी।
जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने का प्रयास : सुधा
राज्यमंत्री सुभाष सुधा का कहना है कि आज प्रदेश के प्रत्येक नागरिक अस्पताल में सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही है। कुरुक्षेत्र जिले के लोगों को भी बेहतर चिकित्सा सुविधा मिले, इसके लिए वह प्रयासरत है। पहले चरण में उन्होंने यहीं पर 100 बेड की चिकित्सा सुविधा लोगों को उपलब्ध करवाने का काम किया और अब दूसरे चरण के तहत 100 बेड के नए अस्पताल की सौगात लोगों को मिलेगी। उन्होंने 100 बेड के नए अस्पताल की सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह का आभार व्यक्त किया है।