कुरुक्षेत्र। नवरात्रों को लेकर अब बाजार में भी रौनक नजर आने लगी है, जिससे अब बाजार गुलजार दिखने लगे हैं। नवरात्र को लेकर दुकानों पर सजे कई सामान बाजार की सुंदरता में चार चांद लगा रहे है। बाजार में जहां कलश व मां की चुनरी को खरीदने में महिलाएं बेहद दिलचस्पी दिखा रही हैं तो वहीं तरह-तरह की आकृतियों वाली सांझी भी महिलाओं की पहली पसंद बनी हुई हैं।
इसके अलावा चिकनी मिट्टी से तैयार किए गए मां के अलग-अलग स्वरूप भी बाजार में मां के भक्तों को खूब भा रहे हैं। नवरात्र के दौरान मां के नौ स्वरूपों की आराधना विधि विधान से करने पर जहां सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं तो वहीं घर में भी सुख शांति का वास होता है। नवरात्र के दौरान मां के भक्त व्रत रखकर भी मां की पूजा अर्चना करते है। इसके लिए जहां घरों में मंदिरों को सजाया जाता है तो वहीं शहर के मंदिर भी खूब सजे होते हैं। हालांकि कई मंदिरों में नवरात्र उत्सव का आयोजन भी किया जाता है। वहीं नवरात्र को लेकर खरीदारी करने पहुंचे ग्राहकों को देख दुकानदारों के चेहरों पर भी अब रौनक देखने को मिल रही हैं। इस नवरात्र में बेहतर कारोबार होने की उम्मीद दुकानदार जता रहे हैं।
इस बार कारोबार अच्छा रहने की उम्मीद : पंकज नरूला
दुकानदार पंकज नरूला का कहना है कि महिलाएं जहां नवरात्र को लेकर मां का शृंगार खरीदने में दिलचस्पी दिखा रही हैं तो वहीं मां की कई शानदार मूर्तियां भी पसंद कर रही हैं। मां की मूर्तियां 100 रुपये से लेकर 1500 रुपये के दामों में उपलब्ध है। इसके अलावा कई तरह की चुनरियां भी मौजूद है जो कि 10 रुपये से लेकर 350 रुपये के दामों में है। पिछले साल के मुकाबले इस बार ज्यादा काम रहने की उम्मीद है।
कुरुक्षेत्र। पंकज नरूला।