कुरुक्षेत्र। प्राचीन धार्मिक स्थल बिरला मंदिर को बचाने के लिए नगर की सामाजिक, धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और मौजिज लोग सारस्वत धर्मशाला में एकत्रित हुए। यहां उन्होंने बैठक कर सर्वसम्मति से बिरला मंदिर को बचाने के लिए समाजसेवी पवन शर्मा पहलवान की मुहिम का समर्थन देने का प्रस्ताव पारित किया साथ ही सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि वे किसी भी कीमत पर बिरला को बिकने नहीं देंगे।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए अखिल भारतीय सारस्वत ब्राह्मण सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा निंदी ने बताया कि बिरला मंदिर कुरुक्षेत्र की पहचान और शान है, मगर धरोहर को बेचा जा रहा है। इसके स्थान पर यहां मार्केट बनाने की योजना है। किसी भी कीमत पर बिरला मंदिर को बिकने नहीं दिया जाएगा। वे समाजसेवी अशोक शर्मा पहलवान द्वारा बिरला मंदिर बचाने के लिए चलाई जा रही मुहिम का समर्थन करते हैं।
आरोप लगाया कि एक नामी बाबा ने बिरला मंदिर परिसर को खरीद लिया है। यहां पर वह बाबा मार्केट बनाने की योजना बना रहा है। इस स्थान पर किसी भी कीमत पर मार्केट नहीं बनाने दी जाएगी। इस मंदिर को बचाने के लिए कोई भी कुर्बानी देने से पीछे नहीं हटेंगे।
उधर, श्री ब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा के प्रधान महासचिव रामपाल शर्मा ने कहा कि सभा बिरला मंदिर को बचाने के लिए अशोक शर्मा पहलवान के साथ खड़ी है। बिरला मंदिर की जायदाद को बेचने का सिलसिला पिछले कई वर्षों से चल रहा है। पहले रेलवे रोड पर बिरला गोशाला की जमीन को बेच दिया गया था। उसके बाद ब्रह्मसरोवर के उत्तरी तट पर स्थित बिरला संस्कृत महाविद्यालय का छात्रावास एवं भोजनालय बेचा गया था। अब पता चल रहा है कि पूरा बिरला मंदिर ही बेच दिया गया है, जहां अब मार्केट बनाने की योजना है। उनकी मांग है कि सरकार और प्रशासन बिरला मंदिर को बिकने से रोके। इस मौके पर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन जेलेश शर्मा, मुल्तान सभा के पूर्व प्रधान विवेक मेहता विक्की, पूर्व पार्षद मनु जैन, ओम प्रकाश ओपी, पंकज चोचड़ा, नरेंद्र राजू चौहान, गौरव शर्मा गोरी, अमित गर्ग शैंकी, रोड समाज के नेता एवं प्रदेश कांग्रेस के पूर्व संगठन सचिव सुभाष पाली, रमेश शर्मा, प्रेमजीत शर्मा, राजेंद्र शर्मा, जोगना खेड़ा सहित अन्य मौजूद रहे।
नगर के लोग भी आगे आएं
बैठक में नगर के लोगों से भी मुहिम में शामिल होने का आह्वान किया गया। राजनैतिक दलों से भागीदारी निभाने की मांग की गई। आह्वान किया गया कि बिरला मंदिर धार्मिक नगरी कुरुक्षेत्र की धार्मिक धरोहर है। देश से ही नहीं बल्कि विदेश से भी लोग इस दर्शनीय स्थल पर तीर्थाटन के लिए आते हैं। इसलिए अपने शहर की धरोहर को बचाने में सभी को सहयोग करना चाहिए।