शाहाबाद। 37वीं सब जूनियर नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर हरियाणा की झोली में डालने वाले ताइक्वांडो खिलाड़ी मानविक सिंगल का मंगलवार को शहर में पहुंचने पर जोरदार स्वागत हुआ। इस चैंपियनशिप का आयोजन गत सप्ताह छत्तीसगढ़ के रायपुर के बाढ़ापुरा स्टेडियम में किया गया था।
प्रधान विष्णु भगवान गुप्ता ने कहा कि आज से पहले राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कार शाहाबाद में सिर्फ हॉकी के खिलाड़ियों ने ही हासिल किए है, लेकिन अब ताइक्वांडो खिलाड़ी मानविक ने भी राष्ट्रीय स्तर का पदक हासिल करके अपने माता-पिता के साथ-साथ पूरे शहर का नाम भी रोशन किया है। कोच सागर वर्मा ने बताया कि मानविक ने हरियाणा की ओर से खेलते हुए 16 किलोग्राम आयु वर्ग में बेहतर प्रदर्शन किया और कांस्य पदक अपने नाम किया है। उन्होंने बताया कि मानविक सिंगल को उसकी इस उपलब्धि के बाद हरियाणा सरकार की तरफ से एक लाख 25 हजार का नकद इनाम भी दिया जाएगा। इस मौके पर स्कूल प्रबंधक कमेटी के प्रधान विशु भगवान गुप्ता, मैनेजर राम लाल गुप्ता, कोषाध्यक्ष महेंद्र कंसल, सदस्य कुलदीप गुप्ता, कपिल गुप्ता और राजीव आर्य भी रोड शो में उपस्थित रहे।