संवाद न्यूज एजेंसी
शाहाबाद। गांव मदूदां में जमीन विवाद के चलते दो सगे भाइयों ने एक व्यक्ति पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान जगदीश चंद्र के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत रीना रानी की शिकायत पर गांव मदूदां निवासी दोनों भाइयों जयभगवान व अंग्रेज सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में मृतक जगदीश चंद्र की पत्नी रीना रानी निवासी मदूदां, हाल निवासी गांव रतनहेड़ी जिला अंबाला ने कहा है कि वह गांव बब्याल में ठेके पर जमीन लेकर खेती करते हैं। वह और और उसका पति जगदीश चंद्र तथा दो भतीजे गुरविंद्र सिंह व अजय कुमार दीपावली के त्यौहार पर 23 अक्तूबर को गांव मदूदां में अपने खेतों में पीर पर माथा टेकने आए थे। शिकायतकर्ता ने कहा कि उसके पति जगदीश चंद के साथ बूटा राम व उसके दो लड़के जयभगवान व अंग्रेज सिंह के साथ जमीन के बंटवारे को लेकर झगड़ा चल रहा था।
शिकायतकर्ता ने अपने हिस्से की जमीन पवन कुमार को ठेके पर दी थी। दोपहर करीब 12 बजे जब वह पीर पर माथा टेकने अपने ट्यूबवेल के पास पहुंचे तो उसी समय वहां जयभगवान व अंग्रेज सिंह अपनी मोटरसाइकिल पर वहां आए और आते ही उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। दोनों आरोपियों ने चाकू से उसके पति जगदीश व गुरविंद्र पर कई वार किए व अंग्रेज सिंह ने भी लोहे की गंडासी के साथ उसके अन्य परिवार पर डंडों-बिंडों से पिटाई की।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर आ गए और दोनों आरोपी देख फरार हो गए और लोगों की मदद से घायल जगदीश चंद, गुरविंद्र सिंह को निजी अस्पताल में ले आए।गंभीरावस्था के चलते चिकित्सकों ने जगदीश चंद को पीजीआई रेफर कर दिया,। रास्ते में जगदीश चंद ने दम तोड़ दिया। वहीं गुरविंद्र सिंह का उपचार निजी अस्पताल व अजय कुमार का उपचार सरकारी अस्पताल अंबाला में चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज करके शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।