इस्माईलाबाद। नेशनल हाईवे-152 पर गांव खेड़ी शहीदां में कार की टक्कर लगने एक बाइक चालक की मौत हो गई। थाना इस्माईलाबाद में दर्ज शिकायत में कुलदीप सिंह निवासी खेड़ी शहीदां ने कहा कि उसके पिता जंगीर सिंह अपनी बाइक पर पर गांव से अपने खेत की ओर जा रहे थे। वह भी अपने चचेरे भाई गुरचरण सिंह के साथ अपनी बाइक पर उसके पिता जंगीर सिंह के पीछे जा रहा था। जैसे वह लोग शाम करीब छह बजे अंबाला-हिसार रोड बाईपास इस्माईलाबाद पर पहुंचे तो अंबाला की तरफ से आए एक कार चालक ने उसके पिता की बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही उसके पिता बाइक सहित सड़क पर गिरकर जख्मी हो गए। उसने तुरंत अपनी बाइक को रोककर अपने पिता को संभाला और एंबुलेंस के जरिये सरकारी अस्पताल कुरुक्षेत्र पहुंचाया। जांच के दौरान चिकित्सक ने उसके पिता को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया।