पिपली। इंद्री रोड पर बालाजी धाम के निकट ट्राली के पीछे टक्कर लगने से बाइक चालक की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा जख्मी हो गया। मृतक की शिनाख्त सुखविंद्र सिंह (43) निवासी बीड़ रायतखाना (करनाल) के रूप में हुई। सुखविंद्र सिंह मेहनत मजदूरी का काम करता था। थाना सदर थानेसर में दर्ज शिकायत में सागर ने बताया कि उसके पिता सुखविंद्र सिंह मंगलवार को हर रोज की तरह बाइक पर कुरुक्षेत्र काम करने गए थे। वह भी अपने किसी काम से बस से कुरुक्षेत्र आया था। काम खत्म करके दोनों रात को बाइक पर अपने घर लौट रहे थे। रात करीब साढ़े नौ बजे उमरी से इंद्री वाली सड़क पर बालाजी धाम के पास पहुंचे तो उनके आगे चल रहे ट्रैक्टर-ट्राली चालक ने अचानक ट्रैक्टर की ब्रेक लगा दी, जिससे उनकी बाइक ट्राली से टकराई। टक्कर लगते ही वह दोनों सड़क पर गिर गए। सिर में चोट लगने के कारण उसके पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसे मामूली चोटें लगी। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया। संवाद