गांव ठसकाअली के पुराना गुरुद्वारा साहिब में पंचायत हुई। पंचायत में गांव के प्रमुख आदमियों व महिलाओं ने भाग लिया। स्नान घर में गुप्त कैमरे लगाकर महिलाओं की अश्लील वीडियो बनाने वाले आरोपी परमजीत सिंह का सामाजिक बहिष्कार किया गया। ग्रामीण हरप्रीत सिंह ने बताया कि गांव की महिलाओं, बहू, बेटियों की इज्जत से घिनौना खिलवाड़ करने वाले आरोपी परमजीत को कभी भी क्षमा नहीं किया जाएगा। उसका अपराध क्षमा के योग्य नहीं है। हालांकि उसके द्वारा किए गए घिनौने अपराध पर उचित कार्रवाई के लिए थाना में इसकी सूचना पहले दी जा चुकी है। लेकिन ग्रामीणों ने गांव के गुरुद्वारा साहिब में पंचायत बुलाकर सर्व सम्मति से यह निर्णय लिया कि गांव परमजीत का सामाजिक बहिष्कार कर आरोपी को अपनी बिरादरी से निकालते हैं। उन्होंने कहा पंचायत में सर्वसम्मति यह भी निर्णय लिया गया है कि अगर कोई भी व्यक्ति आरोपी से संपर्क करता है तो गांव वासियों उसका भी अपना शत्रु समझेंगे और उसका भी सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। इस मौके पर समस्त ग्रामीण मौजूद रहे।