संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। नगर परिषद की ओर से जारी की गई सूचियों में काफी खामियां मिल रही है। कहीं बूथ ही दूसरे वार्ड में दर्शा दिए गए तो कहीं एक ही परिवार के मतदाताओं को अलग-अलग वार्ड में दिखा दिया गया। पूर्व पार्षद भी सूचियों को खंगालने में जुटे हैं। सोमवार को पूर्व पार्षद एकत्रित होंगे तो वहीं एसडीएम से मिलकर आपत्ति भी दर्ज कराई जाएगी। उधर प्रशासन का कहना है कि मतदाता सूचियों के लिए अभी तक कोई दावा और आपत्ति नहीं पहुंची है।
थानेसर नगर परिषद की मतदाता सूचियों के अंतिम प्रकाशन के लिए शेड्यूल जारी कर दिया है। इस शेड्यूल के अनुसार नौ नवंबर तक दावे व आपत्तियां आमंत्रित की गई है। नप थानेसर की मतदाता सूचियों के लिए पांच नवंबर तक कोई भी दावा और आपत्ति दर्ज नहीं की गई है। नौ नवंबर तक अगर कोई आपत्ति आती है तो 17 नवंबर को निपटान भी किया जाएगा।
अहम पहलू यह है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा एक जनवरी 2022 को क्वालीफाई तिथि मानते हुए प्रकाशित मतदाता सूचियों का नगर परिषद के सभी बूथों पर वितरण कर दिया गया है। दावे और आपत्तियों को लेकर कोई भी व्यक्ति मतदाता सूचियों के ड्राफ्ट को निशुल्क नगर परिषद थानेसर कार्यालय और एनआईसी की वेबसाइट पर मतदाता सूचना और कलेक्शन सेंटर थानेसर में चेक कर सकता है।
यह मतदाता सूची ड्राफ्ट जिला प्रशासन व एनआईसी कुरुक्षेत्र की वेबसाइट पर भी देखी जा सकती है। 22 नवंबर तक उपायुक्त के समक्ष रिवाईजिंग अधिकारी के आदेशों के विपरीत दावे आपत्तियां दाखिल करने की अंतिम तिथि होगी, 29 नवंबर तक उपायुक्त द्वारा दावे आपत्तियों का निपटारा किया जाएगा ।
खामियों को लेकर एसडीएम से मिलेंगे : निंदी
पूर्व पार्षद नरेंद्र शर्मा निंदी का कहना है कि मतदाता सूचियों में बड़ी खामियां मिल रही है। अभी और भी जांच की जा रही है और सोमवार को उनके साथ-साथ पूर्व पार्षद मन्नु जैन, विक्की मेहता, नरेंद्र चौहान, समीर सहित अन्य लोग भी मिलेंगे। आपत्ति दर्ज कराई जाएगी।