संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। धार्मिक उन्माद फैलाने, महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी और तीर्थ पुरोहित पर हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी महंत को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महंत ने विधायक, सांसद व अधिकारियों के परिवार को धमकी दी थी, जिसकी सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुई थी। पुलिस ने आरोपी महंत अनूप गिरी को अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया है।
थाना कृष्णा गेट में 11 मई को दर्ज शिकायत में श्री ब्राह्मण एवं तीर्थोद्वार सभा के पूर्व प्रधान पवन शर्मा ने बताया था कि वह प्राचीन लक्ष्मीनारायण मंदिर की दुकान में किराएदार है। उसकी तीर्थ पुरोहित की दुकान है। आठ मई को महंत अनूप गिरी ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी कि अगर 15 मई तक उसने दुकानें खाली नहीं की तो उसका अंजाम भुगतना पड़ेगा। 11 मई सुबह करीब सवा नौ बजे अचानक अनूप गिरी ने उस पर डंडे से हमला करके उसका सिर फोड़ दिया था। शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच करते हुए पुलिस ने आरोपी महंत को गिरफ्तार कर लिया। उधर आरोपी महंत द्वारा दुकानों के बोर्ड तोड़े जाने व हमला करने को लेकर वीडियो भी वायरल हुई है। यहीं नहीं उनके द्वारा सांसद से लेकर विधायक व जजों का जिक्र करते हुए आपत्तिजनक बातें की जा रही है और यह वीडियो भी वायरल हुई है। यह देख हर कोई कड़ी निंदा कर रहा है।
धार्मिक उन्माद फैलाने का मामला भी दर्ज
सुभाष मंडी चौकी प्रभारी सुरेंद्र ने बताया कि आरोपी महंत ने सोशल मीडिया पर महिलाओं के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग तथा धार्मिक ग्रंथ का अपमान कर धार्मिक उन्माद फैलाया था। इस मामले में भी आरोपी महंत अनूप गिरी पर आईपीसी की धारा 295ए, 500, 504, 505 व 509 के तहत मामला दर्ज किया गया था। उसे गिरफ्तार कर अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया है। वहीं आरोपी की महंत की ओर से कोई भी शिकायत उनके पास नहीं आई है।