संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। जिला पुलिस की ओर से अपराधों पर लगाम लगाने के लिए सीलिंग प्लान के तहत जिलेभर में नाकाबंदी की गई। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस ने लोगों से संपर्क कर उन्हें सुरक्षा का अहसास दिलाया। अभियान के तहत पुलिस ने वाहनों की जांच की।
पुलिस प्रवक्ता नरेश सागवाल ने बताया कि सीलिंग प्लान के तहत सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर दो बजे तक जिले में नाकाबंदी करके वाहनों की जांच की गई। इसके तहत गीता द्वार पिपली से लेकर थर्ड गेट,मोहन नगर चौक, नया बस अड्डा, लक्की स्वीट हाउस, आंबेडकर चौक, मीरी-पीरी चौक, उमरी चौक,आयुर्वेदिक कॉलेज, देवीलाल चौक, पिहोवा चौक पिहोवा, झांसा, बाबैन, लाडवा, शाहाबाद सहित कई अन्य स्थानों पर नाके लगाए गए। इसमें 250 पुलिसकर्मियों को नाका ड्यूटी और जनता के बीच रहे। इन पुलिसकर्मियों ने विभिन्न वाहनों की जांच की।
पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भौरिया ने बताया कि यह अभियान जिले के नागरिकों की सुरक्षा, अपराध की रोकथाम व किसी भी आपात स्थिति में निपटने को ध्यान में रखते हुए चलाया गया। पुलिस की उपस्थिति से जनता के मन में पुलिस और कानून के प्रति विश्वास बढ़ता है। सड़क पर होने वाले अपराध पर भी लगाम लगती है। सीलिंग प्लान के अनुसार कार्य करने का मकसद अपराध की रोकथाम करने और अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार करने के बारे में पुलिस को सतर्क करना है।