कुरुक्षेत्र। जिला पुलिस ने एक व्यक्ति को गुजरात नंबर के एक ट्रक के साथ 30 लाख रुपये की शराब के साथ गिरफ्तार किया। इस ट्रक से पुलिस को अलग-अलग मार्का की 706 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। आरोपी साहिल निवासी असंध जिला करनाल ट्रक की निगरानी कर रहा था। वहीं इस मामले में चालक सहित तीन आरोपी फरार चल रहे हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
थाना लाडवा प्रबंधक प्रेमचंद ने बताया कि उनकी टीम अनाज मंडी के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को मंडी के गेट-दो पर एक ट्रक खड़ा दिखाई दिया। इस ट्रक के पास एक युवक भी मौजूद था। शक होने पर टीम ने उस युवक से पूछताछ की तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। शक होने पर पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की और ट्रक की तलाशी ली। ट्रक से तिरपाल हटाकर देखा तो उसमें से अंग्रेजी शराब की 706 पेटियां बरामद हुई। पुलिस ने मामले की सूचना आबकारी विभाग को दी। ट्रक से 606 पेटी शराब इंपीरियल ब्लू और 100 पेटी शराब मैकडॉवेल्स की थी। इस मौके पर आरोपी पकड़ी गई शराब का कोई लाइसेंस और परमिट पेश नहीं कर पाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर साहिल को गिरफ्तार कर लिया। वहीं मामले में शामिल तीन आरोपी सोनू, संजीव और कर्मबीर फरार चल रहे है। जल्द ही उनको गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद