कुरुक्षेत्र। जिला प्रशासन की कथित लापरवाही के चलते एक बार फिर लाखों क्विंटल गेहूं बारिश में भीग गया है, जिससे नुकसान की आशंका जताई जा रही है। इससे पहले हुई बारिश के बाद भी प्रशासन सबक नहीं ले पाया, जिसके चलते अनाज मंडियों से गेहूं उठान समय रहते नहीं किया जा सका।
रविवार अल सुबह बारिश हुई, जिसमें अनाज मंडियों व खरीद केंद्रों पर गेहूं भीग गया है। हालांकि करीब आधा घंटा के बाद बारिश थम गई, लेकिन दिन भर बादलों की आंखमिचौली से किसानों की नींद उड़ी रही।
बता दें कि जिले भर की अनाज मंडियों में रविवार सुबह तक करीब आठ लाख क्विंटल गेहूं उठान के इंतजार में पड़ा रहा। हालांकि एजेंसियों द्वारा शनिवार देर रात तक चार लाख आठ हजार 927 एमटी गेहूं का उठान किया गया, लेकिन विभिन्न एजेंसियों द्वारा 48 लाख 84 हजार 90 क्विंटल गेहूं की शनिवार देर रात तक खरीद की गई, जिसमें से सात लाख 94 हजार 820 क्विंटल गेहूं का उठान बाकी रहा। यहीं नहीं हजारों क्विंटल गेहूं खरीद के इंतजार में भी अनाज मंडियों व खरीद केंद्रों पर रहा और यह बारिश में भीग गया।
उठान का इंतजार कर रहा 605100 क्विंटल गेहूं
रविवार देर रात को भी जिला भर की मंडियों में 605100 क्विंटल गेहूं उठान की इंतजार में रहा। जहां अभी तक विभिन्न एजेंसियों ने 48 86 800 क्विंटल गेहूं की खरीद की है वहीं उठान 4281 700 क्विंटल गेहूं का हो पाया है। रविवार को भी जहां दिन भर बूंदाबांदी का मौसम बना रहा वहीं 2710 क्विंटल गेहूं की खरीद हो पाई।
फिलहाल अधिक नुकसान नहीं : डीएफएससी
जिला खाद् एवं पूर्ति अधिकारी सुरेंद्र सिंह सैनी का कहना है कि बारिश हल्की रही, जिसके चलते अधिक नुकसान नहीं है। उठान कार्य में पिछले कई दिन से तेजी लाई गई है। फिलहाल 10 फीसदी गेहूं का ही उठान बाकी है, इसे भी जल्द कर लिया जाएगा।