कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की महिला कबड्डी टीम गुरु काशी यूनिवर्सिटी तलवंडी साबो में आयोजित नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी कबड्डी महिला चैंपियनशिप की विजेता बनी। 25 से 27 जनवरी को हुई प्रतियोगिता में कुवि की टीम ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी महिला कबड्डी प्रतियोगिता की ट्राफी अपने नाम की। कार्यवाहक खेल निदेशक डॉ. राजेश सोबती ने बताया कि विवि की टीम ने क्वालीफाइंग मैच में सीडीएलयू सिरसा को 45-38 से मात दी और पहले लीग मैच में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी मोहाली को 47-32 से मात दी तो वहीं दूसरे लीग मैच में विवि की टीम ने गुरुकाशी विश्वविद्यालय तलवंडी साबो को हराया। तीसरे मैच में भगत फूल सिंह विश्वविद्यालय खानपुर कलां को 45-27 से हराया। उन्होंने बताया कि अब 29 से 31 जनवरी तक गुरु काशी यूनिवर्सिटी तलवंडी साबो में होने वाली ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी कबड्डी महिला चैंपियनशिप में भी कुवि महिला कबड्डी टीम अपना दमखम दिखाएगी।
कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि कुवि के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित कर रहे हैं। उन्होंने महिला कबड्डी खिलाड़ियों को बधाई दी और कहा कि शिक्षा, शोध, विज्ञान तथा खेल सहित सांस्कृतिक क्षेत्रों में हमारी बेटियां बेटों से कम नहीं है। वर्तमान में हमारी बेटियां हर क्षेत्र में अग्रणी रहकर विश्वविद्यालय, राज्य एवं देश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने 29 से 31 जनवरी तक गुरु काशी यूनिवर्सिटी तलवंडी साबो में आयोजित होने वाली ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी महिला कबड्डी प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों को अच्छे प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। कुलसचिव प्रो. संजीव शर्मा ने भी खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिता के लिए खेल भावना से खेलने के लिए प्रोत्साहित किया।