कुरुक्षेत्र। मिर्जापुर गांव मेें नरवाना ब्रांच नहर में नहाने उतरे तीन दोस्तों में से एक पानी में बह गया। एक घंटे बाद उसका शव नहर से बरामद हुआ, जो कि नहर में पत्थरों के बीच में फंसा हुआ था। मृतक की शिनाख्त मोहित 21 निवासी डूमरखां जिला जींद के रूप में हुई। मोहित कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में बीए फाइनल का छात्र था और विश्वविद्यालय के भीम छात्रावास में रहता था। दोपहर करीब दो बजे मोहित अपने दोस्तों के साथ नहर में नहाने के लिए आया था। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक मोहित अपने दोस्त आदित्य बीए फाइनल और बुधराम प्रथम वर्ष बी फार्मेसी के साथ खाना खाने के बाद मिर्जापुर में नहर पर नहाने के लिए आया था। इनमें से किसी को तैरना नहीं आता था। इसलिए वे नहर के किनारे पर ही नहा रहे थे। अचानक नहाते हुए मोहित का पांव फिसल गया और तेज बहाव के कारण वह बह गया। दोस्तों के शोर मचाने पर पहुंचे आसपास के लोगों ने मामले की सूचना पुलिस और गोताखोर प्रगट सिंह को दी। सूचना के बाद गोताखोर प्रगट सिंह और पुलिस ने नहर में सर्च अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे के बाद गोताखोर रिंकू ने मोहित के शव को नहर से बाहर निकाला। मोहित का शव दो पत्थरों के बीच में फंसा हुआ था। इस संबंध में थाना केयूके प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मोहित के परिजनों को सूचित कर दिया है। आज मंगलवार को मोहित के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। परिजनों के बयान के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।