कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में 34वें दीक्षांत समारोह का आयोजन 18 फरवरी को होगा, जिसको लेकर तैयारियां शुरु कर दी गई हैं। कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा के आदेशानुसार परीक्षा शाखा की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है और तैयारियों के लिए सभी अधिकारियों को अहम दिशा-निर्देश भी दे दिए गए हैं। समारोह में 2024 सत्र के करीब तीन हजार यूजी और पीजी के विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी। इसमें इसरो के पूर्व चेयरमैन एस सोमनाथ के हाथों विद्यार्थियों को डिग्री मिलने की उम्मीद है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. अंकेश्वर प्रकाश ने बताया कि दीक्षांत समारोह में 180 पीएचडी धारकों को पीएचडी उपाधि, गोल्ड मेडल तथा मेरिट सर्टिफिकेट प्रदान किए जाएंगे। लोक संपर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि 28 जनवरी 2025 को हुई एकेडमिक काउंसिल की बैठक में काउंसिल द्वारा कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा को अधिकार दिया गया था कि वह 34वें दीक्षांत समारोह में दो महान विभूतियों का चयन कर उन्हें मानद उपाधि से सम्मानित किया जाएगा।