कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के पर्यावरण अध्ययन संस्थान में कैंपस प्लेसमेंट अभियान का आयोजन किया गया, जिसमें जयपुर की निजी कंपनी ने संस्थान में एमएससी (पर्यावरण विज्ञान) और एमटेक (ऊर्जा एवं पर्यावरण प्रबंधन) के चार छात्रों शिवम अग्रवाल, साहिबा, चंचल, सपना देवी का चयन पर्यावरण अधिकारी के रूप में किया।
लोक संपर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि निजी कंपनी का पर्यावरण प्रभाव आकलन अध्ययन, पर्यावरण मंजूरी, एसटीपी और सीईटीपी की डिजाइनिंग, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में प्रतिष्ठित नाम है। उन्होंने बताया कि कुवि के विभिन्न विभागों में सफल प्लेसमेंट ड्राइव के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण के क्षेत्र में अपना कॅरिअर शुरू करने के लिए अवसर प्रदान किया जा रहा है। संस्थान के निदेशक व जीव विज्ञान संकाय के डीन प्रो. जितेंद्र शर्मा ने चयनित विद्यार्थियों की सराहना की और कहा कि प्लेसमेंट ड्राइव का प्राथमिक उद्देश्य शिक्षा और रोजगार के बीच की दूरी को दूर करना। विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाना है। इस मौके पर डॉ. संदीप गुप्ता, डॉ. हरदीप राय शर्मा, डॉ. दीप्ति, डॉ. पूजा, करुणा सहित अन्य मौजूद रहे।
विद्यार्थियों को सिखाएं जीवन में कामयाब होने के गुर
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग में वीरवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, अलेवा, जींद के छात्र कॅरिअर काउंसलिंग के लिए आए। विभाग के अध्यक्ष प्रो. महाबीर नरवाल ने कहा कि बच्चे आने वाले कल का भविष्य हैं। उन्होंने छात्रों को अपने अनुभव बताए और जीवन में कामयाबी हासिल करने के गुर सिखाए, साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को कई विकल्पों की जानकारियां दी। इसके अलावा विभाग के शोधार्थियों ने भी विद्यार्थियों के साथ विभिन्न कॅरिअर विकल्पों के संबंध में बैंकिंग और फाइनेंस से जुड़े कॅरिअर विकल्पों के बारे में बताया। कार्यक्रम में नौंवी से 12वीं कक्षा के 71 विद्यार्थियों सहित स्कूल के दो अध्यापकों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर प्रो. तेजेंद्र शर्मा, प्रो. सुभाष चंद, डॉ. रश्मि चौधरी सहित अन्य मौजूद रहे।
कुवि में इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में कॅरिअर विषय पर हुआ मंथन
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के प्रबंधन अध्ययन संस्थान में वीरवार को कॅरिअर परामर्श को लेकर मंथन हुआ। इस कार्यक्रम में संस्थान के शिक्षक एवं पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मंगोली जाटान के 10वीं, 11वीं व 12वीं के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। संस्थान के निदेशक प्रो. अनिल मित्तल ने कॅरिअर संबंधी अवसर एवं संभावनाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्यशालाएं कुवि व विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं के छात्रों के बीच में एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगी, जो निश्चित रूप से विद्यार्थी को जीवन में अग्रसर होने का मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने एनईपी के तहत संकाय सदस्यों को स्कूलों से एक सहयोगपूर्ण युक्त नेटवर्क स्थापित करने के महत्व पर और उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला। संस्थान के उपनिदेशक डॉ. राजन शर्मा ने विद्यार्थियों को भगवद्गीता के संदर्भ में अपने जीवन को श्रेष्ठतम बनाने के प्रयास पर बल दिया और विद्यार्थियों को जीवन लक्ष्य को निर्धारित करने और क्रियान्वित करने के तरीकों पर अमल करने के बारे में भी बताया। वहीं डॉ. दिशा कक्कड़ ने इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के कोर्स के बारे में छात्रों से वार्तालाप की। इस मौके पर डॉ. पलक बजाज अरोड़ा, डॉ. दिशा कक्कड़, नेहा सहित अन्य मौजूद रहे।