कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के खेल परिसर में ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी वॉलीबाॅल पुरुष चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बुधवार को आठ टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। ऑल इंडिया के चारों जोन की विजेता टीमों में कांटे की टक्कर को लेकर दर्शकों में भी उत्साह बना रहा, जिसके चलते कुवि के बहुउद्देशीय हॉल में दिनभर मेले जैसा माहौल बना रहा।
कार्यवाहक खेल निदेशक डॉ. राजेश सोबती ने बताया कि पीयू चंडीगढ़ ने आरटीएम नागपुर को 3-0 के अंतर से हराया और यूनिवर्सिटी ऑफ कालीकट ने संबलपुर विवि को 3-0 के अंतर से हराया तो वहीं महात्मा गांधी वाराणसी विवि ने एसआरएम को 3-2 के अंतर से मात दी। गुरुनानक देव विवि अमृतसर ने लक्ष्मीबाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन को 3-0 के अंतर से मात दी और मैंगलोर विवि ने एडमास विवि को 3-0 के अंतराल से हराया।
हिमाचल प्रदेश विवि ने श्रीखुशाल दास विवि हनुमानगढ़ को 3-1 के अंतर से शिकस्त दी और कुरुक्षेत्र विवि ने भारतीय विद्यापीठ पुणे को 3-0 से हराया। जबकि यूनिवर्सिटी ऑफ मद्रास ने भुवनेश्वर के कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टैक्नोलॉजी को 3-0 के अंतर से मात दी। उन्होंने बताया कि 18 जनवरी को क्वार्टर फाइनल के बीच कड़े मुकाबले देखने के मिलेंगे।
खेलो इंडिया की हिस्सेदार होंगी आठ विजेता टीमें : राजेश
अंतरराष्ट्रीय वॉलीबाॅल कोच राजेश कुमार ने बताया कि क्वार्टर फाइनल मैच की विजेता टीमों ने खेलो इंडिया के लिए क्वालीफाई किया है, जिनका आयोजन फरवरी माह में गुवाहटी में होगा। खेलो इंडिया के लिए आठ टीमों ने क्वालीफाई किया है, जिसमें कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय कुरूक्षेत्र, एलएनआईपीई ग्वालियर, गुरु नानक देव विश्वविद्यालय अमृतसर, पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़, एसआरएम यूनिवर्सिटी चेन्नई, मैंगलोर विश्वविद्यालय, हिमाचल प्रदेश विवि और यूनिवर्सिटी ऑफ मद्रास की टीम अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन खेलो इंडिया प्रतियोगिता में करेंगे।